वृंदावन/लखनऊ (राजधानी न्यूज): वृंदावन के सुप्रसिद्ध संत और श्री राधाकेली कुंज के पीठाधीश्वर पूज्य श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज की तबीयत बिगड़ने की खबरों के बीच उनका एक बेहद भावुक वीडियो संदेश सामने आया है। पिछले 9 दिनों से स्वास्थ्य कारणों के चलते महाराज श्री की प्रसिद्ध ‘रात्रि पदयात्रा’ और भक्तों से एकांतिक मुलाकात पूरी तरह बंद है। देश-विदेश में मौजूद अपने लाखों शिष्यों और भक्तों को व्याकुल और चिंतित देख महाराज श्री ने वीडियो जारी कर उन्हें ढांढस बंधाया है और निर्भय होकर केवल ‘श्रीजी’ (राधा रानी) के नाम जप में लीन रहने की अपील की है।
‘हम मिलें न मिलें, बोलें न बोलें, हम आप सबको बहुत प्यार करते हैं’
रविवार को ‘केली कुंज आश्रम ट्रस्ट’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 1 मिनट 19 सेकंड का एक वीडियो संदेश अपलोड किया गया। वीडियो में व्हीलचेयर पर बैठे महाराज श्री ने अत्यंत सरल और मर्मस्पर्शी भाव से अपने भक्तों से संवाद किया।
प्रेमानंद महाराज का भावुक संदेश: “बिल्कुल चिंता मत करो। हम मिलें न मिलें, बोलें न बोलें, हम आप सबको बहुत प्यार करते हैं। अंतिम बात यही कि चिंता नहीं करनी है। न यह चिंता करनी है कि कैसे हमारा उत्थान होगा। बिना बोले भी तुम्हारे दिमाग में हम होंगे। आप बिल्कुल निश्चिंत रहिएगा। जो साधक जहां जिस सेवा में आया है, वह उसी सेवा में दृढ़ रहे। खूब नाम जप करो, सबका मंगल होगा। आप निर्भय, निश्चिंत और निशोक होकर भजन करो। हमारा जब मन होगा, तब हम बोल देंगे।”
‘मेरा मौन और एकांतवास भी आपके कल्याण के लिए है’
महाराज श्री ने आगे कहा कि वर्तमान में जो उनका एकांतवास चल रहा है, वह वास्तव में भक्तों के आध्यात्मिक उत्थान के लिए ही है। उन्होंने कहा, “हम जो एकांतवास कर रहे हैं, वह आपके लिए है, हमारे लिए नहीं। हम अपने लिए भजन नहीं कर रहे हैं और न ही यह मौन हमारे खुद के लिए है। सच बताएं तो हमारे जीवन का जो कुछ होना था (परम पद की प्राप्ति), वह तो पहले ही हो गया। अब जो कुछ भी हो रहा है या यह शरीर जिस हाल में भी है, वह सब आप लोगों के कल्याण के लिए ही हो रहा है। इसलिए खूब भजन करो, नाम जप करो, प्रिया-प्रियतम के आश्रित रहो और हमेशा सुखी व प्रसन्न रहो।”
17 मई से अचानक बंद है प्रसिद्ध ‘रात्रि पदयात्रा’
गौरतलब है कि प्रेमानंद जी महाराज हर दिन तड़के करीब 3:00 बजे अपने केली कुंज आश्रम से परिक्रमा मार्ग पर पैदल पदयात्रा करते हुए निकलते थे, जहां देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु सड़क किनारे खड़े होकर उनके दर्शन करते थे।
- शिष्यों ने लाउडस्पीकर से किया था एलान: गत 17 मई की रात को भी हजारों की संख्या में भक्त दर्शनों के लिए मार्ग पर खड़े थे, लेकिन महाराज श्री पदयात्रा पर नहीं निकले। इसके बाद उनके शिष्यों ने लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कर बताया कि महाराज जी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, इसलिए आगामी आदेश तक पदयात्रा रद्द की जा रही है। तब से भक्तों को बिना दर्शन किए ही मायूस लौटना पड़ रहा था।
- गुरुदेव के दर्शन करने गए थे: हालांकि, तीन दिन पहले महाराज श्री की सेहत में थोड़ा सुधार होने पर वे अपने केली कुंज आश्रम से बाहर निकले थे और वराह घाट स्थित अपने गुरु संत गोविंद शरण महाराज के आश्रम जाकर उनके दर्शन किए थे।
दोनों किडनियां खराब, हफ्ते में 3 बार होती है डायलिसिस
प्रेमानंद महाराज पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी अत्यंत गंभीर और असाध्य चुनौतियों से जूझ रहे हैं। उनकी दोनों किडनियां पूरी तरह खराब (Kidney Failure) हैं। इस गंभीर स्थिति के चलते सप्ताह में 2 से 3 बार उनकी डायलिसिस प्रक्रिया की जाती है। इतनी गंभीर शारीरिक पीड़ा और बीमारी के बावजूद महाराज श्री के चेहरे पर हमेशा अलौकिक मुस्कान रहती है और वे निरंतर सत्संग व अध्यात्म के माध्यम से समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं। बीमारी की खबरों के बीच इस नए वीडियो के आने से दुनिया भर में फैले उनके अनुयायियों ने थोड़ी राहत की सांस ली है।




