बिहार में सम्राट चौधरी होंगे नए मुख्यमंत्री: ‘नीतीश युग’ का अंत; सीएम पद से इस्तीफा देकर बोले— ‘जहां तक हो सका काम किया’

CM रेस में सबसे आगे चल रहे सम्राट चौधरी ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया।

पटना/राजधानी न्यूज: बिहार की राजनीति में आज एक बड़ा ऐतिहासिक उलटफेर हो गया है। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है, जिससे प्रदेश में लंबे समय से चले आ रहे उनके नेतृत्व का समापन हो गया है। इस्तीफे के बाद बीजेपी के दिग्गज नेता सम्राट चौधरी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है और वे बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे।

नीतीश कुमार आज सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी में सवार होकर राजभवन पहुंचे। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

आखिरी कैबिनेट मीटिंग के बाद मंत्री रामकृपाल यादव नीतीश कुमार के सामने आंसू पोंछते दिखे।

नीतीश की आखिरी कैबिनेट: “2005 से अब तक बिहार की सेवा की”

इस्तीफा देने से पहले नीतीश कुमार ने अपनी कैबिनेट की आखिरी बैठक की। इस दौरान वे भावुक नजर आए और उन्होंने कहा:

कार्यकाल पर बोले: “2005 में मैं पहली बार सत्ता में आया था। तब से लेकर आज तक मुझसे जहाँ तक हो सका, मैंने बिहार के विकास के लिए काम किया।”

मार्गदर्शन: नीतीश ने स्पष्ट किया कि भले ही वे अब पद पर नहीं हैं, लेकिन नई सरकार को उनका मार्गदर्शन और पूरा सहयोग मिलता रहेगा।

भविष्य की उम्मीद: उन्होंने सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट कर लिखा कि बिहार अब और तेजी से आगे बढ़ेगा और नई सरकार यहां के कार्यों को बेहतर ढंग से आगे ले जाएगी।

सम्राट चौधरी का राजतिलक: कल होगा शपथग्रहण

बीजेपी ने बिहार की कमान अब सम्राट चौधरी के हाथों में सौंपने का फैसला किया है।

विधायक दल के नेता: एनडीए की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया है।

भव्य समारोह: कल यानी 15 अप्रैल को पटना के लोकभवन में शपथग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें एनडीए के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।

बीजेपी का दबदबा: नीतीश कुमार के इस्तीफे और सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने से बिहार में बीजेपी अब ‘बड़े भाई’ की भूमिका में पूरी तरह स्थापित हो गई है।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि यह बदलाव बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। राजभवन के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जमा है और आतिशबाजी के साथ नए मुख्यमंत्री का स्वागत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *