हरिद्वार में विसर्जित हुईं प्रतीक यादव की अस्थियां; गंगा की लहरों में छोटी बेटी ने प्रवाहित किया ‘I LOVE YOU’ कार्ड, फूट-फूटकर रोईं अपर्णा यादव

गंगा की लहरों में छोटी बेटी ने प्रवाहित किया 'I LOVE YOU' का कार्ड

हरिद्वार/लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव की अस्थियों को शनिवार को हरिद्वार के वीआईपी घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ मां गंगा में विसर्जित कर दिया गया। शिवपाल यादव के सांसद बेटे आदित्य यादव ने अस्थियों को गंगा की लहरों में प्रवाहित किया। इस दौरान घाट पर एक बेहद भावुक और मार्मिक नजारा देखने को मिला।

बेटी ने गंगा में बहाया ‘I LOVE YOU’ का कार्ड

अस्थि विसर्जन के दौरान प्रतीक यादव का पूरा परिवार गहरे शोक में डूबा नजर आया। अस्थि-कलश को देखकर प्रतीक की पत्नी व उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव फूट-फूटकर रोने लगीं। पिता की अस्थियों को देखकर उनकी छोटी बेटी पद्मजा ने पहले उन्हें स्पर्श कर अपने माथे से लगाया और फिर बुरी तरह बिलख पड़ी।

विसर्जन के समय नन्हीं पद्मजा ने अपने हाथ से बनाया हुआ एक प्लेकार्ड गंगा में प्रवाहित किया, जिस पर ‘I LOVE YOU PAPA’ लिखा हुआ था। बड़ी बेटी प्रथमा और परिवार के अन्य सदस्यों ने बिलखती बेटियों और अपर्णा यादव को संभाला। यह मार्मिक दृश्य देखकर घाट पर मौजूद सभी परिजनों और लोगों की आंखें नम हो गईं।

बाबा रामदेव की मौजूदगी में हुआ पूजन

अस्थि विसर्जन से पहले घाट पर योग गुरु स्वामी बाबा रामदेव की विशेष मौजूदगी रही। घाट पर पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से अस्थि पूजन का अनुष्ठान कराया। इस दौरान अपर्णा यादव अपनी दोनों बेटियों प्रथमा और पद्मजा के साथ हाथ जोड़कर बैठी रहीं। अनुष्ठान के बाद पूरा परिवार हरिद्वार से कनखल के लिए रवाना हो गया, जहां वे जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज से मुलाकात करेंगे।

बाबा रामदेव की मौजूदगी में हुआ पूजन

चार्टर्ड प्लेन से लखनऊ से पहुंचा परिवार

शनिवार सुबह करीब 9:15 बजे अपर्णा यादव परिवार के साथ लखनऊ स्थित आवास से अमौसी एयरपोर्ट के लिए रवाना हुईं। लखनऊ एयरपोर्ट पर आदित्य यादव अस्थि-कलश को अपने हाथों में लेकर चलते दिखाई दिए। दोपहर करीब 12 बजे परिवार चार्टर्ड विमान से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचा।

चार्टर्ड प्लेन से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचा परिवार।

एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव अस्थि-कलश को संभालते हुए आगे चल रहे थे, जबकि प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बेटे व पूर्व सांसद अक्षय यादव पूजन सामग्री लेकर चल रहे थे। जौलीग्रांट से पूरा परिवार कारों के काफिले के साथ हरिद्वार पहुंचा। इस दौरान अपर्णा के पिता अरविंद सिंह बिष्ट और भाई अमन बिष्ट भी साथ रहे।

प्रतीक यादव का बीते 13 मई को लखनऊ में 38 साल की उम्र में कार्डिएक अरेस्ट के चलते असामयिक निधन हो गया था, जिसके बाद 14 मई को लखनऊ के बैकुंठ धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया था, जहां उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी थी।

पढ़िए प्रतीक की मौत की पूरी ख़बर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *