बुलंदशहर/लखनऊ (राजधानी न्यूज): उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 3 दोस्तों की निर्मम हत्या करने वाले मुख्य आरोपी और पूर्व बसपा नगर अध्यक्ष जीतू सैनी (30) को पुलिस ने गुरुवार सुबह एक मुठभेड़ (Encounter) में मार गिराया। खुर्जा थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में जीतू को तीन गोलियां लगीं, जिसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जीतू पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।

बर्थडे पार्टी बनी कत्लगाह
यह हत्याकांड 25 अप्रैल की रात को हुआ था, जिसने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया था।
विवाद की वजह: खुर्जा के RJS फिटनेस जिम में जीतू का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इस दौरान उसके दोस्त अमरदीप ने जीतू के चेहरे पर केक लगा दिया, जिससे वह आपा खो बैठा और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
पीड़ित: इस गोलीबारी में भाजपा सभासद संजय सैनी के भाई मनीष (30), भतीजे आकाश (19) और चचेरे भाई अमरदीप (32) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
‘मिस्टर यूपी’ का वायरल रील और खात्मे का सफर
जीतू सैनी का रसूख इसी से समझा जा सकता है कि वह 2017 में बसपा का नगर अध्यक्ष रहा था और 5 साल पहले उसने ‘मिस्टर यूपी’ बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में सेकेंड रनर-अप का खिताब जीता था।
वायरल वीडियो: एनकाउंटर के बाद जीतू की एक पुरानी रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वह अपनी बॉडी दिखा रहा है और बैकग्राउंड में गाना बज रहा है— “मारूंगा जरूर… अपने बचने का जुगाड़ रखियो…”।

पुलिस की कार्रवाई: मामले में पहले ही मयंक सैनी, रिंकू सैनी और भारत सैनी को पुलिस मुठभेड़ के जरिए गिरफ्तार किया जा चुका था। गुरुवार सुबह पुलिस ने जीतू को खुर्जा क्षेत्र में स्कूटी पर घेरा, जिसके बाद जवाबी फायरिंग में वह ढेर हो गया।

पीड़ित परिवार: “मिला न्याय”
एनकाउंटर की खबर मिलते ही मृतक अमरदीप की बहन राधा और पत्नी सिमरन ने राहत की सांस ली है:
बहन का बयान: राधा ने कहा, “मुझे बहुत तसल्ली मिली है। मैंने सीएम योगी से मांग की थी कि मुझे खून के बदले खून चाहिए। पुलिस-प्रशासन ने जिस तरह काम किया है, मैं उन्हें कोटि-कोटि प्रणाम करती हूं।”
पत्नी का बयान: सिमरन ने भी इसे न्याय बताते हुए कहा कि जिसने यह कांड किया, उसका अंत हो गया है। परिवार का कहना है कि उन्हें प्रशासन पर पूरा भरोसा था और आज उन्हें सुकून मिला है।



