लखनऊ: अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस (Labour Day) के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रमिकों के हितों के लिए ऐतिहासिक घोषणाएं कीं। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘श्रमवीर गौरव सम्मान’ समारोह में सीएम ने ऐलान किया कि प्रदेश के 15 लाख श्रमिकों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि जो कोई भी श्रमिकों की मजदूरी हड़पेगा, सरकार उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी।
“काम का दाम नहीं तो काम तमाम”
सीएम योगी ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि श्रमिकों का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बीमा कवच: प्रदेश के एक करोड़ श्रमिकों को आयुष्मान योजना के तहत हेल्थ कार्ड और 15 लाख श्रमिकों को 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा देने की तैयारी पूरी हो चुकी है।
सख्त चेतावनी: सीएम ने दो टूक कहा, “अगर किसी ने काम का दाम नहीं दिया, तो उसका काम सरकार तमाम करेगी। जो गरीबों के हक पर डकैती डालता था, उसकी जगह अब हवालात में है।”
औद्योगिक शांति: सीएम ने कहा कि जहां औद्योगिक अशांति होती है, वहां सिर्फ खंडहर बचते हैं। राज्य के विकास के लिए उद्योगों में श्रमिक और प्रबंधन का समन्वय जरूरी है।

अटल आवासीय विद्यालय: श्रमिकों के बच्चों का सुनहरा भविष्य
सीएम योगी ने इस बात पर चिंता जताई कि जो श्रमिक दूसरों के घर और स्कूल बनाते रहे, उनके खुद के बच्चे अब तक शिक्षा की मुख्यधारा से दूर थे।
शिक्षा की सौगात: ‘अटल आवासीय विद्यालय’ में श्रमिकों के बच्चों को सीबीएसई बोर्ड के तर्ज पर उच्च स्तरीय शिक्षा दी जा रही है।
जेवर में नई नींव: नोएडा के जेवर में ‘मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय’ की आधारशिला रखी गई है, जिसमें केवल और केवल श्रमिकों के बच्चों का एडमिशन होगा।
हम इतना अच्छा पैकेज उपलब्ध करवाएंगे कि हर श्रमिक सम्मान के साथ अपना जीवन यापन कर पाएगा… pic.twitter.com/7A6PN4c8Zy
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 1, 2026
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का ‘देसी अंदाज’
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने 75 जिलों से आए श्रमिकों से संवाद किया। अपने ठेठ अंदाज में उन्होंने पूछा, “तुम लोगन के लड़कन-लड़की अटल आवासीय विद्यालय मा पढ़ रहै हैं न? तुम्हार जी जुड़ान कि नाहीं? तुम्हार मजदूरी केहू नहीं हड़प सकत। केतनव बड़ा गुंडा होए, उसका इलाज हम करब। हमारी सरकार मा तुम लोगन के सम्मान की गारंटी है।”

कोरोना काल की याद और विपक्ष पर हमला
सीएम योगी ने कोरोना संकट का जिक्र करते हुए विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “कोरोना काल में जब विपक्षी नेता रजाई तानकर सो रहे थे, तब डबल इंजन की सरकार 14 हजार बसें भेजकर श्रमिकों को घर तक सुरक्षित पहुँचा रही थी। 1 करोड़ लोगों को फ्री राशन दिया गया, जो आज भी जारी है।”



