लखनऊ यूनिवर्सिटी में छात्रा पर फिदा हुआ असिस्टेंट प्रोफेसर: बोला- ‘डार्लिंग, तुम्हारे लिए पेपर आउट कर दिया है, मिलने आ जाओ’; गिरफ्तार

लखनऊ यूनिवर्सिटी में छात्रा पर हुआ फिदा असिस्टेंट प्रोफेसर

लखनऊ (राजधानी न्यूज): शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) से एक ऐसा शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरी एकेडमिक दुनिया को हिलाकर रख दिया है। जूलॉजी डिपार्टमेंट के एक असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह पर अपनी ही छात्रा को पेपर लीक का लालच देकर उसे अकेले में मिलने के लिए बुलाने और यौन उत्पीड़न का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले से जुड़े दो आपत्तिजनक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार रात हिरासत में ले लिया है।

क्या है पूरा मामला?

मामला बीएससी फाइनल ईयर की एक छात्रा से जुड़ा है। वायरल ऑडियो के अनुसार, जूलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह छात्रा पर बार-बार छुट्टी से वापस लखनऊ आने का दबाव बना रहे थे। प्रोफेसर ने छात्रा को प्रलोभन दिया कि उन्होंने उसके लिए ‘मेन सब्जेक्ट’ (Core) और ‘इलेक्टिव’ (Elective) दोनों पेपर आउट कर दिए हैं। बातचीत के दौरान प्रोफेसर ने न केवल छात्रा के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, बल्कि उसे भविष्य में एमएससी, पीएचडी और यहां तक कि स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी तक पहुंचाने का ‘प्लेटफॉर्म’ तैयार करने का झांसा भी दिया।

ऑडियो-1: “डार्लिंग, तुम्हारे लिए सब कुछ ओपन है”

पहले ऑडियो में प्रोफेसर छात्रा से उसकी मां की तबीयत का हाल पूछते हैं और फिर धीरे-धीरे बातचीत को व्यक्तिगत मोड़ पर ले जाते हैं। प्रोफेसर कहते हैं, “बच्चा, कुछ भी हेल्प चाहिए हो तो बताना। केजीएमयू और पीजीआई में अपने जानने वाले डॉक्टर हैं। ठीक है डार्लिंग… तुम्हारे लिए सब कुछ ओपन है।”

जब छात्रा कहती है कि उसे अभी घर पर रुकना है, तो प्रोफेसर दबाव बनाते हुए कहते हैं, “कोर और इलेक्टिव दोनों पेपर मैंने तुम्हारे लिए आउट कर लिए हैं। मैंने पूरा पेपर निकालकर रख लिया है, बस तुम एक बार मिलने आ जाओ।” छात्रा के बार-बार मना करने पर भी प्रोफेसर उसे 4 दिन के भीतर लखनऊ आने का हुक्म देते हैं। ऑडियो के अंत में छात्रा की अपनी आवाज भी रिकॉर्ड है, जिसमें वह सुबकते हुए कह रही है, “यह आदमी मुझे बुला रहा है, मैं जाऊंगी नहीं। मुझे पेपर नहीं चाहिए। यह मुझे फिर से मोलेस्ट करना चाहता है।”

ऑडियो-2: “मैं तुम पर फिदा हूं, पैर चूमकर सब रेडी है”

दूसरे वायरल ऑडियो में प्रोफेसर की बेशर्मी की सारी हदें पार होती सुनाई देती हैं। प्रोफेसर छात्रा से कहते हैं, “मैं आपका वेट करूंगा। आपको पता है न कि मैं आपके साथ अफेक्शनेटेड (फिदा) हूं? मैंने आपके लिए एमएससी, पीएचडी और स्टैनफोर्ड तक का रास्ता तैयार कर दिया है। आपका पैर चूमकर सब कुछ रेडी है, बस मुझे डिच (धोखा) मत करना।”

इस ऑडियो में प्रोफेसर ने ‘इम्यूनो जेनेटिक्स’ और ‘जीनोमिक्स’ जैसे कठिन विषयों के पेपर आउट करने का दावा किया है। वे बार-बार छात्रा से भावनात्मक जुड़ाव (इमोशनल अटैचमेंट) की बात करते हैं और उसे 10 से 15 दिनों के भीतर अकेले में मिलने के लिए बुलाते हैं। छात्रा पूरे समय डरी हुई आवाज में ‘जी सर’ कहती सुनाई देती है।

यूनिवर्सिटी प्रशासन का कड़ा एक्शन

ऑडियो वायरल होते ही लखनऊ विश्वविद्यालय में हड़कंप मच गया। जूलॉजी विभाग की हेड प्रो. अमिता कनौजिया ने पुष्टि की है कि ऑडियो में आवाज डॉ. परमजीत सिंह की ही लग रही है।

  1. पुलिस शिकायत: विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने हसनगंज थाने में आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

    परीक्षा नियंत्रक की तरफ से आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ हसनगंज थाने को FIR दर्ज कराने की शिकायत दी गई है।
  2. आंतरिक जांच: चीफ प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ‘विशाखा कमेटी’ के तहत आंतरिक शिकायत समिति (ICC) ने जांच शुरू कर दी है।
  3. पेपर की गोपनीयता: परीक्षा नियंत्रक ने अपनी शिकायत में कहा है कि प्रोफेसर द्वारा पेपर आउट करने का दावा विश्वविद्यालय की गोपनीयता और परीक्षा की शुचिता पर हमला है।

पुलिस की कार्रवाई: आरोपी हिरासत में

शुक्रवार रात हसनगंज पुलिस ने डॉ. परमजीत सिंह को उनके आवास से हिरासत में ले लिया है। पुलिस ऑडियो क्लिप की सत्यता की जांच के लिए उसे फॉरेंसिक लैब भेजने की तैयारी कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि छात्रा का बयान दर्ज करने के बाद प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न, धमकी देने और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।

असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह को पुलिस ने लखनऊ यूनिवर्सिटी कैंपस से रात में हिरासत में हसनगंज थाने ले गई।

छात्रों में भारी आक्रोश

इस घटना के बाद लखनऊ यूनिवर्सिटी के छात्रों में भारी गुस्सा है। छात्र संगठनों का कहना है कि अगर एक प्रोफेसर ही रक्षक की जगह भक्षक बन जाएगा और नंबरों व पेपर के बदले छात्राओं का शोषण करेगा, तो बेटियां सुरक्षित कैसे रहेंगी? छात्रों ने डॉ. परमजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *