नई दिल्ली/लखनऊ (राजधानी न्यूज): नीट-यूजी 2026 परीक्षा को लेकर जारी विवादों और पेपर लीक के आरोपों के बीच केंद्र सरकार ने भविष्य के लिए एक युगांतकारी फैसला लिया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर एलान किया कि अगले सत्र से NEET-UG परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन (Computer Based Test) आयोजित की जाएगी। साथ ही, मंत्री ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि 3 मई को हुई परीक्षा के पेपर लीक हुए थे।
21 जून को ‘महा-परीक्षा’: छात्रों के लिए 3 बड़ी राहत
पेपर लीक के कारण रद्द हुई नीट परीक्षा अब रविवार, 21 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने छात्रों की मानसिक स्थिति और सुविधा को देखते हुए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
- पसंद का सेंटर: दोबारा होने वाली परीक्षा (Re-exam) में छात्र अपनी पसंद का परीक्षा केंद्र (Center) चुन सकेंगे।
- अतिरिक्त समय: परीक्षा के दौरान छात्रों को पेपर हल करने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
- परिवहन सुविधा: छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए शिक्षा मंत्रालय राज्यों के मुख्यमंत्रियों और परिवहन विभागों से बात करेगा।
“हमें कठिन फैसला लेना पड़ा” — धर्मेंद्र प्रधान
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिक्षा मंत्री थोड़े भावुक और दृढ़ नजर आए। उन्होंने कहा, “मंत्री और अभिभावक के रूप में हमें परीक्षा रद्द करने का कठिन निर्णय लेना पड़ा, क्योंकि हम नहीं चाहते थे कि कोई गलत कैंडिडेट सिलेक्ट हो जाए। राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों के बावजूद यह उल्लंघन कैसे हुआ, इसकी जांच जारी है। अब सरकारी मशीनरी यह सुनिश्चित करेगी कि दोबारा कोई अनियमितता न हो।”
CBI का एक्शन: 7 आरोपी गिरफ्तार, 5 को 7 दिन की कस्टडी
NEET पेपर लीक मामले की जांच कर रही CBI ने कार्रवाई तेज कर दी है:
- राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी: राजस्थान के मांगी लाल बिंवाल, दिनेश बिंवाल, विकास बिंवाल, गुरुग्राम के यश यादव और नासिक के शुभम खैरनार को दिल्ली की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 7 दिन की कस्टडी में भेज दिया गया है।
- अन्य गिरफ्तारियां: इनके अलावा पुणे से ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे और नासिक से धनंजय लोखंडे को भी गिरफ्तार किया गया है।
Live | Addressing the Press Conference https://t.co/m1sFjoxiTH
— Dharmendra Pradhan (@dpradhanbjp) May 15, 2026
NTA के ढांचे में बदलाव के संकेत
शिक्षा मंत्री ने संकेत दिया कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के गठन और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए कई सुझाव मिले हैं, जिस पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है। गौरतलब है कि 3 मई को हुई इस परीक्षा के लिए देश-विदेश में 5400 से ज्यादा सेंटर बनाए गए थे, जिसमें 23 लाख के करीब छात्र शामिल हुए थे।




