शामली (उत्तर प्रदेश): ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर बटुकों के यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाले और इस मामले के मुख्य पैरवीकार आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज को जान से मारने की धमकी मिली है। आशुतोष महाराज ने आरोप लगाया है कि उन्हें एक विदेशी नंबर से कॉल कर केस की पैरवी बंद करने के लिए डराया जा रहा है। धमकी देने वाले ने उन्हें और उनके वकील को बम से उड़ाने की चेतावनी दी है।
आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस गंभीर मामले की शिकायत शामली पुलिस से की है। शुक्रवार शाम को पुलिस की एक टीम उनके आवास पर पहुंची और मामले की विस्तृत जानकारी ली।
पाकिस्तान के नंबर से आई कॉल; ‘बम से उड़ाने’ की दी गई धमकी
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार:
विदेशी कनेक्शन: आशुतोष महाराज को 25 मार्च को एक अज्ञात मोबाइल नंबर +923200605681 (जो कि पाकिस्तान का कंट्री कोड है) से कॉल आई थी।
धमकी का मजमून: फोन करने वाले ने कहा कि यदि उन्होंने शंकराचार्य के खिलाफ केस की पैरवी बंद नहीं की, तो उन्हें और उनके वकील सौरभ गुप्ता को बम से उड़ा दिया जाएगा या फिर बीच रास्ते से उठवा लिया जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई: शामली के एसएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। जिस नंबर से कॉल आई है, उसकी सर्विलांस के जरिए लोकेशन और डिटेल्स खंगाली जा रही हैं।
अविमुक्तेश्वरानंद को हाल ही में मिली है अग्रिम जमानत
गौरतलब है कि आशुतोष ब्रह्मचारी ने ही बटुकों को कोर्ट के सामने पेश कर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ कुकर्म और यौन शोषण की एफआईआर दर्ज कराई थी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पिछले बुधवार (25 मार्च) को ही शंकराचार्य को अग्रिम जमानत दी है, लेकिन कोर्ट ने दोनों पक्षों को मीडिया में बयानबाजी न करने की सख्त हिदायत दी थी। अब इस ताजा धमकी के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है।


