अमेठी। (शशिकांत)। रंगों और उमंग का पर्व होली इस बार जिले के कई परिवारों के लिए दुख और मातम लेकर आया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क हादसों, करंट लगने, संदिग्ध परिस्थितियों और डूबने की घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि मुसाफिरखाना और गौरीगंज क्षेत्र में हुए अलग-अलग हादसों में 11 लोग घायल हो गए। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है और घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
कमरौली थाना क्षेत्र के गढ़ा मोड़ के पास लखनऊ–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से साइकिल सवार अनवरी बानों (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति मोहम्मद वसीम (59) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों साइकिल से दवा लेने जा रहे थे। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायल वसीम का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
इसी तरह इन्हौना क्षेत्र के कैथागांव धीरापुर निवासी राज बहादुर (60) की लखनऊ–सुल्तानपुर राजमार्ग पर अनियंत्रित कार की टक्कर से मौत हो गई। वहीं बाजार शुकुल के बागमीरा भिटवा गांव निवासी शिव ओम (18) बुधवार को साइकिल से होली खेलने जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गया। जगदीशपुर–सत्थिन मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टक्कर के बाद ग्रामीणों ने उसे सीएचसी जगदीशपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के सवनगी गांव में करिश्मा (27) संदिग्ध परिस्थितियों में मायके के कमरे में फंदे से लटकी मिलीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। वहीं मुंशीगंज थाना क्षेत्र के सेवई हेमगढ़ गांव में खेत से लौट रहे किसान घेराऊ प्रजापति (65) बिजली के टूटे तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

मुसाफिरखाना के जाखा शिवपुर निवासी सुनील कुमार वर्मा (30) का शव लालगंज चौराहे के पास सड़क किनारे झाड़ियों में मिला। पास में उनकी क्षतिग्रस्त बाइक भी पड़ी थी। पुलिस के अनुसार बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरने से उनकी मौत हुई।
कमरौली थाना क्षेत्र के बरसंडा के पट्टी गांव निवासी हनुमान गौतम (35) ने संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं बाजार शुकुल के किशनी गांव में होली खेलने के बाद गोमती नदी में नहाने गए युवक पवन कुमार गुप्ता (23) डूब गए। पुलिस और स्थानीय गोताखोर उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पता नहीं चल सका था।
इसके अलावा मुसाफिरखाना क्षेत्र में मेले के दौरान हुई मारपीट और भगदड़ जैसी स्थिति में आठ लोग घायल हो गए, जबकि गौरीगंज क्षेत्र में अलग-अलग हादसों में तीन अन्य लोग घायल हुए। सभी घायलों का उपचार जारी है।
इन घटनाओं के बाद जिले के कई घरों में होली की खुशियां मातम में बदल गईं। कहीं मां की मौत से बच्चे बिलख उठे तो कहीं परिवार के कमाने वाले सदस्य के चले जाने से परिजनों का सहारा छिन गया। रंगों के इस पर्व पर हुई इन दर्दनाक घटनाओं ने जिले भर को झकझोर दिया।


