लखनऊ: भारतीय क्रिकेट टीम के ‘चाइनामैन’ स्पिनर कुलदीप यादव की फिरकी का जादू तो पूरी दुनिया ने देखा है, लेकिन आज नवाबों के शहर लखनऊ में उनकी नई जिंदगी की नई पारी का जश्न कुछ अलग ही अंदाज में दिखा। कुलदीप और उनकी जीवनसंगिनी वंशिका सिंह का भव्य वेडिंग रिसेप्शन आज राजधानी के प्रतिष्ठित ‘होटल द सेंट्रम’ में आयोजित किया गया। इस खास मौके पर सबकी निगाहें उस वक्त ठहर गईं, जब यह नवविवाहित जोड़ा एक विंटेज रोल्स-रॉयस कार में सवार होकर वेन्यू पर पहुंचा।
खास बात यह है कि कुलदीप ने अपनी एंट्री को यादगार बनाने के लिए दिल्ली से 1960 मॉडल की विंटेज रोल्स-रॉयस मंगवाई थी। काले रंग के क्लासिक बंद गले के सूट में कुलदीप बेहद हैंडसम लग रहे थे, वहीं उनकी पत्नी वंशिका ने क्रीम कलर की भारी कढ़ाई वाली साड़ी पहनकर महफिल लूट ली। ट्रेडिशनल लुक में सजी इस जोड़ी ने जैसे ही कार से कदम बाहर रखा, कैमरों की फ्लैश चमक उठी। बता दें कि कुलदीप ने 14 मार्च को मसूरी की हसीन वादियों में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ सात फेरे लिए थे और आज लखनऊ में उनकी खुशियों में शरीक होने के लिए दिग्गजों का जमावड़ा लगा।
योगी का आशीर्वाद और अखिलेश का दुलार: सियासी दुश्मनी भुलाकर कुलदीप की खुशी में शामिल हुए दिग्गज
कार्यक्रम में सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव नेे दिया आशीर्वाद
कुलदीप यादव के इस रिसेप्शन की सबसे खास तस्वीर तब सामने आई जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में पहुंचे। कुलदीप ने अपनी परंपरा और संस्कारों का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, वहीं वंशिका ने शालीनता से हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने नवदंपति को सुखी जीवन का आशीर्वाद दिया। इसके कुछ ही देर बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी कार्यक्रम में पहुंचे। कुलदीप और वंशिका ने उनके भी पैर छुए, जिस पर अखिलेश ने बेहद गर्मजोशी दिखाते हुए कुलदीप को गले लगा लिया।
राजनीति के इन दो धुरंधरों की मौजूदगी ने इस शाम को और भी ज्यादा चर्चा में ला दिया। यह नजारा बता रहा था कि खेल और खिलाड़ी समाज को जोड़ने का काम करते हैं। यूपी के इन दो बड़े नेताओं के अलावा शासन-प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी इस हाई-प्रोफाइल इवेंट का हिस्सा बने। कुलदीप यादव मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं, लेकिन उनकी शादी का यह जश्न पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक गौरवमयी क्षण बन गया। होटल के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे और फूलों की सजावट ने माहौल को जन्नत जैसा बना दिया था।

गंभीर की मौजूदगी और जडेजा-शिखर का टशन: टीम इंडिया के सितारों से जगमगाया द सेंट्रम
क्रिकेट के मैदान पर टीम इंडिया को जीत दिलाने वाले धुरंधर भी अपने साथी खिलाड़ी की खुशी में शामिल होने लखनऊ पहुंचे। भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने अपनी मौजूदगी से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। वहीं, ‘गब्बर’ के नाम से मशहूर शिखर धवन और स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा अपनी पत्नी के साथ इस महफिल में चार चांद लगाने पहुंचे। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी नवविवाहित जोड़े को बधाई देने पहुंचे।
रिसेप्शन में पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत भी अवधी अंदाज में किया गया। खाने के मेन्यू से लेकर संगीत तक, हर चीज में उत्तर प्रदेश की संस्कृति की झलक देखने को मिली। 14 मार्च को उत्तराखंड के मसूरी में गुपचुप तरीके से हुई शादी के बाद यह पहला मौका था जब कुलदीप अपनी पत्नी के साथ सार्वजनिक रूप से मीडिया और दिग्गजों के सामने आए। सोशल मीडिया पर इस रिसेप्शन की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें फैंस अपने चहेते स्पिनर को ‘हैट्रिक’ विकेट लेने जैसी बधाई दे रहे हैं। कुलदीप की इस नई पारी के लिए पूरा लखनऊ आज पलकें बिछाए खड़ा नजर आया।


