लखनऊ: भारतीय प्रसारण सेवा के वरिष्ठ अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता ने आज दूरदर्शन केंद्र लखनऊ में कार्यालयाध्यक्ष एवं अभियांत्रिकी प्रमुख (Head of Office & Head of Engineering) के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालने के साथ ही दूरदर्शन लखनऊ के प्रशासनिक और तकनीकी कार्यों में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है।
श्री गुप्ता हाल ही में नई दिल्ली से स्थानांतरित होकर लखनऊ पहुंचे हैं। इससे पहले वे दूरदर्शन के मुख्यालय में निदेशक के महत्वपूर्ण पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रसारण प्रबंधन, तकनीकी संचालन और प्रशासनिक कार्यों में उन्हें लंबा अनुभव प्राप्त है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने दूरदर्शन लखनऊ केंद्र के अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की और केंद्र की मौजूदा गतिविधियों व प्रसारण व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता दूरदर्शन लखनऊ के कार्यक्रमों की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना, तकनीकी सुविधाओं को आधुनिक बनाना तथा दर्शकों तक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण प्रसारण सुनिश्चित करना होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि दूरदर्शन लंबे समय से देश की सांस्कृतिक विरासत, शिक्षा और जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत करता रहा है। ऐसे में भविष्य में भी इन क्षेत्रों से जुड़े कार्यक्रमों को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
माना जा रहा है कि कमलेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में दूरदर्शन लखनऊ से प्रसारित होने वाले सांस्कृतिक, शैक्षिक और जनहित के कार्यक्रमों को नई दिशा और गति मिलेगी, जिससे क्षेत्रीय दर्शकों के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी दूरदर्शन की पहुंच को मजबूती मिलेगी।


