आईपीएल 2026 के आगाज़ से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) अपने फैंस के लिए अब तक का सबसे बड़ा सरप्राइज लेकर आई है। 22 मार्च को चेन्नई के ऐतिहासिक एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में ‘ROAR 26’ नामक एक भव्य रीयूनियन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस इवेंट की सबसे बड़ी हाइलाइट यह है कि इसमें ‘OG’ (Original) सुपर किंग्स यानी टीम के पुराने दिग्गज खिलाड़ी जैसे सुरेश रैना, मैथ्यू हेडन, मुरली विजय और सुब्रमण्यम बद्रीनाथ फिर से अपनी पसंदीदा पीली जर्सी में मैदान पर उतरेंगे। ये दिग्गज खिलाड़ी मौजूदा सीएसके टीम के सितारों के खिलाफ कुछ रोमांचक और “Never-seen-before” प्रदर्शनी मैचों (Exhibition Match-ups) में हिस्सा लेंगे।
इस मेगा इवेंट को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि लंबे समय बाद ‘चिन्ना थाला’ सुरेश रैना और ‘थाला’ महेंद्र सिंह धोनी एक ही मैदान पर साथ दिखाई देंगे। फ्रेंचाइजी ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक रीयूनियन नहीं, बल्कि टीम के सफर और फैंस के अटूट प्यार को समर्पित एक उत्सव है। मुथैया मुरलीधरन और ड्वेन ब्रावो जैसे दिग्गजों के आने की भी पुष्टि हो चुकी है, जो फिलहाल दूसरी फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े होने के बावजूद इस खास पल का हिस्सा बनने के लिए विशेष अनुमति लेकर आ रहे हैं।
सुरों का जादू बिखेरेंगे एआर रहमान, 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स से होगी पहली भिड़ंत
क्रिकेट के रोमांच को दोगुना करने के लिए ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान चेपॉक स्टेडियम में अपनी लाइव परफॉर्मेंस देंगे। शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चलने वाला यह कार्यक्रम संगीत, रोशनी और क्रिकेट का एक अनोखा संगम होगा। हालांकि, शहर से बाहर होने के कारण आर अश्विन इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकेंगे, लेकिन हाल ही में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे संजू सैमसन (जिन्हें इस सीजन सीएसके ने अपने साथ जोड़ा है) और शिवम दुबे कैंप से जुड़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
आईपीएल 2026 के पहले चरण के कार्यक्रम के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ करेगी। वहीं, चेन्नई के फैंस को अपनी टीम को घर पर खेलते देखने के लिए 3 अप्रैल तक का इंतजार करना होगा, जब चेपॉक में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ सीएसके का पहला होम मैच खेला जाएगा। ‘ROAR 26’ के लिए टिकटों की बिक्री 15 मार्च से ही शुरू हो चुकी है और प्रबंधन को उम्मीद है कि पूरा स्टेडियम ‘पीले समंदर’ में तब्दील हो जाएगा।


