लखनऊ (राजधानी न्यूज): उत्तर प्रदेश में अप्रैल के महीने में ही जून जैसी झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। भीषण लू (Heatwave) के बीच सोमवार को भी आसमान से आग बरस रही है। गर्मी का आलम यह है कि कहीं ट्रांसफॉर्मर जल रहे हैं तो कहीं घरों में लगे AC बम की तरह फट रहे हैं। इस बीच राहत की खबर यह है कि मौसम विभाग ने कल से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
AC में ब्लास्ट और ट्रांसफॉर्मर की ‘वॉटर कूलिंग’
भीषण गर्मी के कारण बिजली उपकरणों पर लोड बढ़ गया है, जिससे बड़े हादसे हो रहे हैं:
गोरखपुर: एक घर में लगी विंडो AC में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया, परिवार ने भागकर जान बचाई।
कानपुर: गर्मी से ट्रांसफॉर्मर में आग लगने के कारण पास की दो दुकानें जलकर खाक हो गईं।
अमेठी: बिजली विभाग ट्रांसफॉर्मर को ठंडा रखने के लिए उन पर पाइप से पानी डालने को मजबूर है।
रेलवे की लापरवाही: आगरा से कानपुर के बीच कामाख्या एक्सप्रेस का AC फेल होने से यात्रियों ने 6 घंटे तक नारकीय सफर किया। कानपुर में हंगामे के बाद कोच बदला गया।
अस्पतालों में ‘कोल्ड रूम’ और बाथटब की व्यवस्था
हीट स्ट्रोक के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है:
वाराणसी: सरकारी अस्पतालों में विशेष ‘कोल्ड रूम’ बनाए गए हैं। हीट स्ट्रोक के मरीजों का तापमान तुरंत कम करने के लिए वार्डों में बाथटब की व्यवस्था की गई है।
मरीजों की बाढ़: लू के कारण उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है।

राहत की खबर: कल से बरसेगा पानी
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदलने वाला है:
अगले 5 दिन: कल (28 अप्रैल) से पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू होगा।
तापमान में गिरावट: बारिश और 40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के कारण पारे में 2 से 4°C की गिरावट आ सकती है।
लू से राहत: 30 अप्रैल और 1 मई को पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना है, जिससे लू का असर कम होगा।



