अमेठी। कमरौली थाना क्षेत्र के गढ़ा मोड़ पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार ने एक और जिंदगानी छीन ली। सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रही डीसीएम (UP 26T 8733) ने साइकिल सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि अनवरी बानो (निवासी पूरे सूबेदार, बहुआ थाना मोहनगंज) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मोहमद वसीम गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीसीएम तेज गति में थी और गढ़ा मोड़ के पास अचानक साइकिल सवारों से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। कुछ ही पलों में घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। अनवरी बानो वाहन के नीचे दब गईं और उन्हें बचाने का मौका नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल वसीम को तत्काल सीएचसी जगदीशपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर जाम लग गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कमरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मुकेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू कराया। क्रेन की मदद से पलटी हुई डीसीएम को हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित रखते हुए हालात को बिगड़ने नहीं दिया।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश तेज कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
गढ़ा मोड़ पर हुआ यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की कीमत को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने इस मोड़ पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।


